गढ़वा : माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली, झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, रांची एवं राष्ट्रीय महिला आयोग के संयुक्त तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गढ़वा के द्वारा "विधान से समाधान" विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन 7 अक्टूबर 2024 को प्रखंड कार्यालय, गढ़वा के सभागार में किया गया। कार्यक्रम का मार्गदर्शन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गढ़वा नलिन कुमार के द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गढ़वा रवि चौधरी, डिप्टी चीफ एलएडीसीएस अनिता रंजन, पैनल अधिवक्ता शिव कुमार और नगर परिषद सिटी मैनेजर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा महिला उत्पीड़न पर आधारित वीडियो भी प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाया गया, जिससे उपस्थित महिलाओं को जागरूक किया गया।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रवि चौधरी ने अपने संबोधन में महिलाओं से संबंधित अपराधों जैसे मानव तस्करी, दहेज प्रथा, और डायन प्रथा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने महिलाओं को इन अपराधों से बचने के कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी और राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा प्रस्तुत केस स्टडी पर भी प्रकाश डाला।
डिप्टी चीफ एलएडीसीएस अनिता रंजन और अधिवक्ता शिव कुमार ने भी अपने विचार साझा किए और महिलाओं को संगठित होकर एक-दूसरे का साथ देने की प्रेरणा दी ताकि उत्पीड़न के खिलाफ एक मजबूत आवाज उठाई जा सके।
इस कार्यक्रम में प्रखंड एवं अंचल के कर्मचारी, नगर परिषद सिटी मैनेजर, पीएलवी मुरली श्याम तिवारी, मनोज कुमार दूबे, कृष्णानन्द दूबे और न्यायालय के अन्य कर्मी भी उपस्थित रहे।