भवनाथपुर : भवनाथपुर थाना परिसर में सोमवार को थाना प्रभारी कृष्ण कुमार के स्थानांतरण के उपलक्ष्य में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर पुलिसकर्मियों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति में उन्हें गुलदस्ता और अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। समारोह में पुलिस निरीक्षक गुलाब सिंह ने श्री कृष्ण कुमार के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की और कहा कि विदाई का पल हमेशा भावुक होता है, लेकिन नौकरी में ट्रांसफर की प्रक्रिया स्वाभाविक होती है।
उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल में थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने अपराध नियंत्रण में सराहनीय कार्य किया और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखी।
Advertisement
भवनाथपुर की नई थाना प्रभारी रजनी रंजन ने भी कृष्ण कुमार की प्रशंसा करते हुए उन्हें एक होनहार और सहयोगी अधिकारी बताया। उन्होंने कहा कि हरिहरपुर ओपी में प्रभारी रहते हुए उन्हें कृष्ण कुमार का सहयोग हमेशा मिलता रहा।
विदाई के अवसर पर पूर्व थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए भवनाथपुर के लोगों का सहयोग और समर्थन याद किया। उन्होंने कहा कि यहां के आम नागरिकों ने उन्हें जो सहयोग दिया, वह इसे कभी नहीं भूल सकते।
इस समारोह में एसआई प्रदीप उरांव, निरंजन शर्मा, दिनेश सिंह, नारायण प्रसाद, मकबूल अंसारी, मुकेश कुमार, मुकुंदपुर मुखिया मूंगा साह, राजेश्वर पासवान, संतोष चंद्रवंशी, अब्दुल अंसारी, मुन्ना यादव, निरंजन पाठक, राजमोहन यादव, संतोष चन्द्रवंशी, अनिल चन्द्रवंशी, उपेंद्र यादव सहित अन्य लोग मौजूद थे।