गढ़वा : झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के तत्वावधान में मुख्यमंत्री ऊर्जा खुशहाली योजना के तहत विद्युत विपत्र माफी शिविर का आयोजन समाहरणालय सभाकक्ष में किया गया। इस अवसर पर माननीय पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा पर्यटन, कला, संस्कृति और खेल-कूद युवा कार्य विभाग के मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर की अध्यक्षता में उपभोक्ताओं के बीच प्रमाण पत्र वितरण किया गया।
मुख्यमंत्री ऊर्जा खुशहाली योजना के अंतर्गत झारखंड सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं के 200 यूनिट तक के बिजली बिल माफ कर दिए हैं, जिससे प्रदेश भर के उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। गढ़वा जिले में इस योजना के तहत 1,82,929 घरेलू उपभोक्ताओं का 90 करोड़ 39 लाख 86 हजार रुपये का बकाया बिजली बिल माफ किया गया है।
पूरे झारखंड में 38 लाख 46 हजार 26 उपभोक्ताओं के 3565 करोड़ 94 लाख 86 हजार 733 रुपये की बकाया राशि माफ की गई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने 200 यूनिट तक ऊर्जा खपत करने वाले उपभोक्ताओं के बिजली बिल माफ कर दिए हैं, जिससे आम जनता को काफी राहत मिली है। इसके अलावा, 200 से 400 यूनिट तक की खपत वाले उपभोक्ताओं के लिए भी सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि यह योजना राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य गरीब और असहाय लोगों को राहत प्रदान करना है।
शिविर में मंत्री द्वारा सांकेतिक रूप से कुछ उपभोक्ताओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए, जिनमें सूदन राम, जाकिर अंसारी, बृजमोहन प्रजापति, जितन दुबे और इनामुल अंसारी के नाम शामिल हैं।
जिन उपभोक्ताओं को शिविर में प्रमाण पत्र नहीं मिल सका, उन्हें जल्द ही कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल गढ़वा द्वारा प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार पांडे, उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी नीरज कुमार, कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल गढ़वा सहित कई अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में उपभोक्ता उपस्थित थे।
राज्य सरकार की इस योजना से गढ़वा के उपभोक्ताओं को राहत मिलने के साथ ही राज्यभर में 1400 करोड़ रुपये के प्रावधान से गांव-टोला तक विद्युतीकरण का कार्य भी तेजी से किया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की समस्या दूर होगी।