पूर्व मंत्री गिरिनाथ सिंह के नेतृत्व में बूथ स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न
गढ़वा : गढ़वा प्रखंड में पूर्व मंत्री गिरिनाथ सिंह के नेतृत्व में दो दिवसीय बूथ स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन हुआ। कार्यक्रम के अंतिम दिन गढ़वा स्थित आवास पर 20 पंचायतों के बूथ अध्यक्षों को "बूथ जीतो, चुनाव जीतो" अभियान के तहत प्रशिक्षित किया गया। बाहर से आए ट्रेनरों ने बूथ जीतने की रणनीतियों पर विस्तार से जानकारी दी।
अपने संबोधन में पूर्व मंत्री गिरिनाथ सिंह ने वर्तमान सरकार और विधानसभा पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि आज हर सरकारी काम के लिए कमीशन देना पड़ रहा है, चाहे वह आवास हो, कुआं हो या अन्य कोई सरकारी योजना।
उन्होंने कहा कि जनता त्रस्त है और विधायक मस्त। गिरिनाथ सिंह ने पूर्व और वर्तमान विधायक पर विधानसभा को भ्रष्टाचार में डुबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले 15 सालों में विधानसभा को पूरी तरह से खोखला बना दिया गया है।
उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक ने अपने कार्यकाल में अलकतरा चुराने और झूठे चेक स्लीप बांटने का काम किया, जबकि वर्तमान विधायक एक ही सड़क को बार-बार बनवाकर कमीशन लेने में लगे हैं। इसके साथ ही उन्होंने झूठे विकास का ढिंढोरा पीटने का भी आरोप लगाया।
कार्यक्रम के समापन पर पूर्व मंत्री ने सभी युवा कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी ताकत ही पार्टी की असली ताकत है। उन्होंने कहा कि वह पिछले 15 वर्षों से विधायक नहीं हैं, फिर भी जनता का इतना प्यार और समर्थन उन्हें मिलता रहा है, जिसे वह जीवनभर नहीं भूल पाएंगे।
इस कार्यक्रम में सभी पंचायत अध्यक्षों, बूथ अध्यक्षों समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे, जहां पूर्व मंत्री ने बूथ जीतने के मूल मंत्र भी दिए।