गढ़वा : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त गढ़वा के निर्देशानुसार, राजकीयकृत गोविंद प्लस टू उच्च विद्यालय गढ़वा में रविवार को मतदानकर्मियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रथम पाली में गढ़वा प्रखंड के सभी शिक्षक/सहायक अध्यापक और पीएनबी, जेआरजीबी, बंधन बैंक, बैंक ऑफ इंडिया एवं यूनियन बैंक के पदाधिकारी एवं कर्मियों ने भाग लिया। वहीं द्वितीय पाली में इन बैंकों को छोड़कर शेष अन्य बैंक एवं कार्यालयों, समाहरणालय, प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों के सभी पदाधिकारी और कर्मियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण के दौरान सभी मतदान कर्मियों को उनके कार्य और दायित्वों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
मास्टर प्रशिक्षकों ने वोटिंग कंपार्टमेंट बनाने, बैलट यूनिट (BU), कंट्रोल यूनिट (CU), एवं VVPAT को कनेक्ट करने की प्रक्रिया, मॉक पोल का आयोजन, मॉक पोल के बाद मशीनों को साफ करने, एवं ईवीएम को सील करने से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। साथ ही मतदान प्रक्रिया की पूरी जानकारी प्रोजेक्टर के माध्यम से पीपीटी प्रस्तुतियों द्वारा समझाई गई।
चुनाव आयोग द्वारा जारी विभिन्न मोबाइल ऐप्स जैसे मतदाता सेवा पोर्टल, मतदाता हेल्पलाइन ऐप, सक्षम ऐप, सी-विजिल ऐप आदि के बारे में भी जानकारी दी गई। इसके अलावा, मतदान प्रक्रिया में की जाने वाली आम गलतियाँ, ईवीएम में आने वाले संभावित एरर, वेब कास्टिंग और पोलिंग बूथ के लेआउट से संबंधित जानकारियाँ भी प्रदान की गईं।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर धर्मेंद्र कुमार, देवेंद्र नाथ उपाध्याय, शांतनु चौबे, राजेश कुमार चौबे, नंदू चौबे, जगन्नाथ राम, नितिन कुमार तिवारी, बलदेव कुमार मिश्रा, सीडी सिंह, प्रेम तिवारी, बृजभूषण पांडे, सतीश चौबे, विवेकानंद पांडे, सुनील कुमार विश्वकर्मा और हरिनंदन त्रिपाठी समेत सभी मास्टर प्रशिक्षक उपस्थित थे।