गढ़वा : विश्व लायंस सेवा सप्ताह के तहत लायंस क्लब ऑफ गढ़वा विशाल के तत्वावधान में शनिवार को गढ़वा के कल्याणपुर के राजकीय उच्च विद्यालय में स्वस्थ गढ़वा स्वच्छ गढ़वा के तहत जागरुकता अभियान चलाया गया। इस दौरान छात्राओं के बीच सेनेटरी पैड का वितरण किया गया।
मौके पर पूर्व सीएस सह लायंस विशाल के पदाधिकारी डॉ ज्वाला प्रसाद सिंह ने छात्राओं को जानकारी देते हुए बताया कि पीरियड्स के दौरान सेनेटरी पैड के इस्तेमाल कर के कई बीमारियों से बचा जा सकता है। घरेलू और पुराने नुस्खे जैसे गंदे कपड़े या एक ही कपड़े को धोकर बार इस्तेमाल करने से कई तरह की बीमारियां और शरीर में इंफेक्शन हो सकती है। डॉ सिंह ने छात्राओं से कहा कि महावारी के दौरान किसी तरह का डर या निःसंकोच ना करें बल्कि ऐसे वक्त में अपनी बड़ी बहन, माता या अन्य बड़ी महिला परिजनों से मशवरा लेना चाहिए और तब भी आपके किसी सवाल का समाधान नहीं मिलता है तो सीधा अपने नजदीकी के सरकारी अस्पताल में जाकर महिला चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।
मौके पर क्लब के अध्यक्ष नन्दलाल प्रसाद, डॉ अर्जुन विश्वकर्मा, गिरिश कमलापुरी, शौकत ख़ान, राजकीय उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक सहित काफी संख्या में छात्राएं उपस्थित थी।