गढ़वा : ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नवरात्रि के अवसर पर भव्य डांडिया कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर विद्यालय के निदेशक अनूप सोनी और प्रबंधन सदस्य आकाश कुमार सहित सभी शिक्षकों ने माता भगवती की पूजा-अर्चना की। इसके बाद भक्ति गीतों की धुन पर बच्चों द्वारा मनमोहक नृत्य और झांकियों की प्रस्तुति ने सबका मन मोह लिया।
वर्ग प्री-नर्सरी से लेकर वर्ग 1 तक के बच्चों ने डांडिया डांस प्रस्तुत किया, जबकि वर्ग 3 के बच्चों ने माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों का रूप धारण कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा, वर्ग 4 से 8 तक के बच्चों ने देवी गीतों पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किया। वर्ग 6 के बच्चों ने महिषासुर का रूप धारण कर अपनी प्रस्तुति दी, जो दर्शकों को रोमांचित कर गया।
इस अवसर पर बच्चों को माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों के बारे में जानकारी दी गई और उनके महत्व को समझाया गया। माता के भजनों पर डांडिया नृत्य करते हुए बच्चों और शिक्षकों ने कार्यक्रम को भक्तिमय बना दिया।
विद्यालय के निदेशक अनूप सोनी और प्रबंधन समिति ने गढ़वावासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएँ दीं और सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन वर्ग 6 की छात्रा वैष्णवी गुप्ता ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ भी मौजूद थे।