गढ़वा : समाहरणालय सभागार में शनिवार को उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा की अध्यक्षता में कृषि विभाग अंतर्गत विभिन्न योजनाओं पर अनुमोदन प्राप्त करने हेतु बैठक आयोजित की गई। इस दौरान समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना-सह-कृषक पाठशाला योजना के कार्यान्वयन, FPOs (किसान उत्पादक संगठन) को मजबूती प्रदान करने, रेनफेड एरिया डेवलपमेंट (RAD) के तहत ग्रामसभा द्वारा प्राप्त लाभुकों की सूची का अनुमोदन, और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (DSFMEC) की जिलास्तरीय कार्यकारिणी समिति की बैठक भी संपन्न हुई।
बैठक का मुख्य एजेंडा FPOs ग्रांट स्कीम के अनुमोदन, रेनफेड एरिया डेवलपमेंट के तहत ग्रामसभा से प्राप्त लाभुकों की सूची का अनुमोदन, कृषक पाठशाला की समीक्षा, एवं टारगेटेड राइस फैलो एरिया (TRFA) पल्सेस/ऑयल सीड्स स्कीम के अनुमोदन पर केंद्रित था।
इस बैठक में मेराल प्रखंड के तेनार एवं राजहरा क्लस्टर के ग्रामसभा द्वारा प्राप्त लाभुकों की सूची का अनुमोदन भी किया गया। साथ ही, कृषक पाठशाला की समीक्षा करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला बागवानी पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला मृदा संरक्षण पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, नाबार्ड के डीडीएम, प्रगतिशील कृषक, एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।