गढ़वा : गढ़वा जिला गोंड महासभा (ईकाई) द्वारा सोनपुरवा मुहल्ला स्थित इंडियन पब्लिक स्कूल में महारानी दुर्गावती का जन्म दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाज के सदस्यों ने महारानी दुर्गावती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
समारोह में गोंड समाज के चन्दन कुमार गोंड ने महारानी दुर्गावती के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जन्म 5 अक्टूबर 1524 को हुआ था। उनके अदम्य साहस, पराक्रम और शौर्य के कारण उन्होंने 15 वर्षों तक शासन किया और मुगलों से युद्ध करते हुए कभी हार नहीं मानी। उनके साहस और वीरता के आगे मुगल सम्राट अकबर भी उन्हें हराने में असफल रहा।
धनंजय गोंड (डबल जी) ने कहा कि महारानी दुर्गावती का यश और कीर्ति पूरे इतिहास में प्रसिद्ध है।
उन्होंने अपने शासनकाल में तालाब, धर्मशालाओं और अन्य सार्वजनिक निर्माण कार्यों को प्रोत्साहित किया। इस कार्यक्रम में दिनेश गोंड, दिलीप गोंड, मुकेश गोंड, अजय गोंड, संदीप गोंड सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई और कार्यक्रम को सफल बनाया।