भवनाथपुर : भवनाथपुर से केतार होते हुए पाचाडुमर मुख्य पथ सुदृढ़ीकरण निर्माण का शिलान्यास गुरुवार को खरौंधी मोड़ के समीप हुआ। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक भानु प्रताप शाही की उपस्थिति में बुजुर्ग चंद्रदेव राउत ने पूजा-अर्चना के बाद नारियल फोड़कर और शिलापट्ट का अनावरण किया। इस सड़क का निर्माण पथ निर्माण विभाग के अंतर्गत 14 करोड़ की लागत से किया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक भानु प्रताप शाही ने कहा कि यह सड़क उनके मंत्रित्वकाल में बनाई गई थी, लेकिन समय के साथ सड़क खराब हो गई थी, जिसे पुनः निर्मित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों का उल्लेख किया और कहा कि जनता उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों से अवगत है।
साथ ही उन्होंने विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ नेताओं को विकास कार्य दिखाई नहीं दे रहा है और वे जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।
विधायक शाही ने कहा कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो वे 30 दिनों के भीतर तुलसीदामर खदान को चालू करवा देंगे। उन्होंने जेएमएम सरकार पर आरोप लगाया कि राज्य में तुष्टिकरण की राजनीति की जा रही है और वृद्ध पेंशनधारियों का पैसा बकाया रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पानी, सड़क और पुलिया का जाल बिछाया गया है, लेकिन विपक्ष इसे नजरअंदाज कर रहा है।
इस मौके पर जिलामंत्री मनोज सिंह, अनुमंडल विधायक प्रतिनिधि दयानंद सोनी, भगत दयानंद यादव, अनिल चौबे, चंदन ठाकुर सहित कई प्रमुख नेताओं ने भी सभा को संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन मंडल अध्यक्ष सोना किशोर यादव ने किया। इस शिलान्यास समारोह में सांसद प्रतिनिधि इंद्रदेव प्रसाद यादव, भाजपा नेता रवि पाल, अरुण गुप्ता, सुधीर सोनी, अंकित सिंह, चमन सिंह, मनोज यादव, चंद्रदेव राउत, अजय सोनी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।