गढ़वा : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर पूर्व मंत्री गिरिनाथ सिंह का प्रखंड स्तरीय सम्मेलन और अभिनंदन समारोह मेराल प्रखंड के हाईस्कूल मैदान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भ्रष्टाचार के खिलाफ जोरदार आवाज उठाई गई और विधानसभा में व्याप्त भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री गिरिनाथ सिंह ने कहा कि गढ़वा विधानसभा में भ्रष्टाचार शिष्टाचार का रूप ले चुका है। उन्होंने गांधी जी की आजादी की लड़ाई को याद करते हुए कहा कि जैसे गांधी जी ने देश को आजाद कराने के लिए संघर्ष किया था, वैसे ही हमें आज भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़नी होगी। उन्होंने इस लड़ाई में सभी का सहयोग मांगा और कहा कि यह केवल अकेले नहीं लड़ी जा सकती, इसमें जनता का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है।
पूर्व मंत्री ने यह भी कहा कि जब वह मंत्री थे, उनकी प्राथमिकता अंतिम छोर पर बैठे लोगों तक लाभ पहुंचाने की होती थी। आज, हालांकि, विधानसभा में भय का माहौल है, और लोगों को उम्मीद है कि उनके वोट से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित होगी, लेकिन वर्तमान स्थिति इसके विपरीत है। उन्होंने मेराल प्रखंड को नगर पंचायत, नगर परिषद बनाने और आईटीआई कॉलेज खुलवाने की बात भी कही।
महिलाओं से आग्रह करते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें, जिससे शिक्षा के माध्यम से गरीबी को दूर किया जा सके।
इस अवसर पर मुख्य रूप से राम अवतार राम, दुःखन चौधरी, सूरज सिंह, बाबुल सिंह, सुनील चंद्रवंशी, शिवनाथ चौधरी, अवध सिंह, सत्यनारायण यादव, सुरेश केशरी, डॉ. इलियास अंसारी, अताउल अंसारी, लाली कुमारी, राम लखन यादव सहित हजारों लोग उपस्थित थे।