भवनाथपुर : सेल के टाउनशिप स्थित गेस्ट हाउस में स्वच्छता ही सेवा और स्वच्छता अभियान के अंतर्गत एक शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें महाप्रबंधक मनोज कुमार, सहायक महाप्रबंधक एस.यू. मेदा, भगवान पाणिग्रही, बुलु दिगल, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के प्रमुख मधुसूदन माहेश्वरी, डीएवी सैंटनरी पब्लिक स्कूल भवनाथपुर के प्राचार्य राजेंद्र सचदेवा, सहायक शिक्षक, विद्यालय के बच्चे और जवानों ने भाग लिया।
इस कार्यक्रम में सभी ने वर्ष में 100 घंटे स्वच्छता के लिए देने और अपने आसपास, पड़ोस एवं समाज के अन्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की शपथ ली। शपथ सहायक महाप्रबंधक एस.यू. मेदा ने दिलवाई।
मधुसूदन माहेश्वरी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता अभियान 2014 से चलाया जा रहा है और इसके कारण देश में कई बदलाव देखने को मिले हैं।
Advertisement
हालांकि इसकी पूर्ण सफलता तभी संभव है जब हर नागरिक इसके प्रति जागरूक हो। प्राचार्य राजेंद्र सचदेवा ने इसे एक नेक कार्य बताते हुए कहा कि यह भारत माता की पूजा का अंग है और स्वच्छता से ही हम बीमारियों से बच सकते हैं।
स्कूली छात्रों ने टाउनशिप परिसर में दुकानदारों से हाथ जोड़कर अपील की कि वे अपने दुकानों के सामने कूड़ेदान रखें और ग्राहकों को इसे उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करें। इसके बाद कई दुकानदारों ने तुरंत अपने दुकानों के सामने की गंदगी साफ की।
इस अवसर पर डीएवी विद्यालय के बच्चों के बीच निबंध लेखन और व्याख्यान प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें विजेताओं को सेल अधिकारियों द्वारा पुरस्कृत किया गया।