भवनाथपुर : स्थानीय वन विभाग के कर्मियों द्वारा सोमवार की रात बाजार निवासी राहुल कुमार चंद्रवंशी पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के दौरान वनकर्मियों पर गाली-गलौज और खिड़की का कांच तोड़ने का भी आरोप लगाया गया है। जब स्थानीय लोगों की भीड़ वहां पहुंची तो वनकर्मी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद एक वनरक्षी राहुल कुमार सिंह और दुकानदार संजय सोनी के बीच भी झड़प हो गई, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शांत कराया। घायल राहुल चंद्रवंशी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि वह विंध्याचल प्रसाद के घर से लौटते समय वन कर्मियों ने उसे बिना कारण बुरी तरह पीटा, जिससे वह अचेत हो गया।
वहीं वनरक्षी राहुल कुमार सिंह ने भी आरोप लगाया है कि जब वह शोर सुनकर बाहर आया तो दुकानदार संजय सोनी ने उस पर हमला किया, लेकिन वह किसी तरह बच गया।
Advertisement
थाना प्रभारी रजनी रंजन ने बताया कि दोनों पक्षों ने थाने में आवेदन दिया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना से आक्रोशित स्थानीय व्यवसायी संघ ने भी वनकर्मियों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। व्यवसायी संघ के अध्यक्ष नीतिश गुप्ता ने आरोप लगाया कि वनकर्मी राहुल सिंह और उसके सहयोगियों ने बाजार निवासी राहुल चंद्रवंशी और संजय सोनी के साथ मारपीट की, जिससे बाजार में दहशत फैल गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सभी वनकर्मी नशे में थे और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
घटना के विरोध में मुखिया बेबी देवी, विधायक प्रतिनिधि दयानंद सोनी, चंदन ठाकुर, सुरेश गुप्ता, और अन्य स्थानीय नेता और व्यवसायी मौजूद थे, जिन्होंने वनकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।