गढ़वा : मेराल में मंगलवार को मेराल प्रखंड के बनुआ गांव में एक भव्य आदिवासी सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन के मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के पूर्व विधायक सतेंद्र नाथ तिवारी ने शिरकत की। आदिवासी समाज के लोगों ने पूर्व विधायक का पुल माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सतेंद्र नाथ तिवारी ने झारखंड की हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार भले ही खुद को आदिवासी समाज का नेता बताती हो, लेकिन वास्तव में आदिवासियों की भलाई के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार केवल दिखावे की राजनीति कर रही है और आदिवासियों के अधिकारों और सम्मान की अनदेखी कर रही है।
Advertisement
श्री तिवारी ने कहा कि आदिवासियों को अगर किसी पार्टी ने सच्चा सम्मान दिया है तो वह भाजपा है। भाजपा ने हमेशा आदिवासी समाज की भलाई और विकास के लिए काम किया है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने आदिवासी समाज से भाजपा के साथ जुड़ने और झारखंड के विकास में भागीदार बनने की अपील की।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग उपस्थित थे, जिन्होंने भाजपा के समर्थन में अपना विश्वास जताया और सतेंद्र नाथ तिवारी की बातों से सहमति प्रकट की।