बड़गड़ : बड़गड़ थाना क्षेत्र के मुख्य बाजार में शनिवार को सरकारी भूमि की मापी की गई और बाजार क्षेत्र में बन रहे अवैध दुकान व मकानों के निर्माण पर तत्काल रोक लगा दी गई है। भंडरिया अंचल पदाधिकारी राकेश भूषण सिंह के निर्देश पर अंचल निरीक्षक (सीआई) सीपत राम, कर्मचारी जितेंद्र कुमार और अमिन ने पुलिस बल के साथ बड़गड़ बाजार पहुंचकर मापी कार्य संपन्न किया।
मापी के दौरान बाजार क्षेत्र में अवैध रूप से अतिक्रमित किए गए दुकानों और मकानों पर लाल निशान लगाया गया और संबंधित लोगों का नाम दर्ज किया गया। सीआई सीपत राम ने बताया कि प्लॉट संख्या 1705 और 1738 के तहत 01 एकड़ 33 डिसमिल भूमि पूरी तरह से सरकारी है, जिस पर अवैध निर्माण किया जा रहा था।
व्यवसायी संघ की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए 54 अवैध दुकानों को चिन्हित किया गया है। निर्माण कार्य बंद करने का आदेश दिया गया है, और चेतावनी दी गई है कि यदि अवैध निर्माण जारी रहता है, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान व्यवसाई संघ के अरविंद जायसवाल, प्रेमसागर जायसवाल, नारद प्रसाद, और अन्य स्थानीय व्यापारी मौजूद थे।