गढ़वा : गढ़वा-चोपन रेलवे मार्ग पर मदरसा रोड रेलवे क्रॉसिंग के पास एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर खुदकुशी करने का प्रयास किया। घायल युवक की पहचान गढ़वा थाना क्षेत्र के टंडवा के पनेरी मोहल्ला निवासी जयराम दास के 30 वर्षीय पुत्र समीर दास के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि समीर दास का घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिससे आक्रोशित होकर उसने ट्रेन के आगे कूदने का कदम उठाया। मौके पर मौजूद स्थानीय जीआरपी पुलिस और समाजसेवी दौलत सोनी की मदद से समीर को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया।
परिजनों के अनुसार समीर की मानसिक स्थिति पहले से ही ठीक नहीं थी।
Advertisement
इससे पहले भी वह एक बार दानरो नदी में कूदकर खुदकुशी करने का प्रयास कर चुका है। परिजन और स्थानीय लोग उसकी हालत को लेकर चिंतित हैं और बेहतर इलाज की उम्मीद कर रहे हैं।