गढ़वा : गढ़वा प्रखंड के ढोटी गांव के राशन डीलर राजेश्वर बैठा के खिलाफ राशन की कालाबाजारी और लाभुकों के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। लाभुकों का कहना है कि डीलर द्वारा उन्हें प्रत्येक माह राशन नहीं दिया जा रहा है और राशन की कालाबाजारी की जा रही है। साथ ही, लाभुकों के साथ दुर्व्यवहार और गाली-गलौज की घटनाएं भी लगातार हो रही हैं।
लाभुकों ने आरोप लगाया कि जब वे राशन लेने जाते हैं, तो डीलर उनका अंगूठा लगवाने के बाद भी राशन नहीं देते हैं और दुर्व्यवहार करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि लंबे समय से हो रही है। हर बार डीलर यह बहाना बना देता है कि राशन खत्म हो गया है या समय पर राशन लेने क्यों नहीं आए।
Advertisement
इस घटना से आक्रोशित लाभुकों ने उपायुक्त से डीलर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने डीलर राजेश्वर बैठा को हटाकर किसी दूसरे डीलर से राशन उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि उन्हें समय पर राशन मिल सके और किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
हंगामे के दौरान मौके पर हिदायत अंसारी, नाजमा बीबी, नुरेलम अंसारी, हसबुन बीबी, सफीना बीबी, कामेश्वर विश्वकर्मा, कमरुण बीबी, दीपक विश्वकर्मा, महेश महतो, अकलीम अंसारी, मंसूर अंसारी, हदीस अंसारी, तक़रीम अंसारी, अहमद अंसारी, नुरे अंसारी, महफूज अंसारी, असरफ अंसारी, नसरु अंसारी, रजाक अंसारी, शंभू महतो, प्रभु महतो, मुस्ताक अंसारी सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।