रांची/गढ़वा : राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने रक्षा राज्य मंत्री सह स्थानीय सांसद संजय सेठ से मुलाकात कर राज्य में ओबीसी आरक्षण को 14% से बढ़ाकर 50% करने, उसे 9वीं अनुसूची में डालने, केंद्र और राज्य में ओबीसी के लिए स्वतंत्र मंत्रालय की स्थापना करने, जाति जनगणना करवाने, और ओबीसी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रमोशन में आरक्षण देने जैसी आठ सूत्री मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
इस मुलाकात के दौरान, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की मांगें जायज हैं और उन्होंने ओबीसी के आरक्षण में वृद्धि तथा स्वतंत्र मंत्रालय की मांग को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष मजबूती से उठाने का आश्वासन दिया।
प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता ने मांग की कि आरक्षण की 50% सीमा और क्रीमी लेयर को हटाकर ओबीसी वर्ग को उनका हक और अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे इस वर्ग के साथ न्याय होगा।
प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय ओबीसी अधिकारी कर्मचारी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष लाल बिहारी यादव, वरिष्ठ समाजसेवी दीनानाथ प्रसाद, प्रदेश महासचिव अजय मेहता, उपाध्यक्ष सूबेदार एसएन सिंह, अवध प्रसाद, वसीम अकरम, चंदन गुप्ता, गोविंद शर्मा सहित अन्य प्रमुख लोग शामिल थे।
ज्ञापन सौंपने के बाद मीडिया प्रभारी अशोक कुमार कुशवाहा ने कहा कि ओबीसी वर्ग की इन मांगों को लेकर मोर्चा का आंदोलन जारी रहेगा।