आधे घंटे का समय निकालकर अपने हृदय को स्वस्थ रखें: डॉ. पंकज प्रभात
गढ़वा : विश्व हृदय दिवस 29 सितंबर के अवसर पर प्रभात मेडिकल सेंटर के तत्वाधान में 'रन फॉर हार्ट' का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज प्रभात ने प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य हृदय रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। दौड़ सुबह 6 बजे गढ़वा के नया समाहरणालय परिसर से शुरू होकर रंका रोड स्थित शगुन बैंक्विट हॉल तक जाएगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गढ़वा विधायक सह झारखंड सरकार के मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर होंगे, जबकि उपायुक्त शेखर जमुआर, पुलिस अधीक्षक दीपक पांडे और एसडीओ गढ़वा जैसे विशिष्ट अतिथि भी मौजूद रहेंगे।
Advertisement
दौड़ के समापन के बाद शगुन बैंक्विट हॉल में "हृदय को सुरक्षित रखना" विषय पर एक सेमिनार आयोजित किया जाएगा, जिसमें हृदय रोग से बचाव और इसे स्वस्थ रखने के उपायों पर चर्चा की जाएगी।
डॉ. पंकज प्रभात ने जिले के सभी समाजसेवी और स्वयंसेवी संगठनों को इस कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया है, ताकि हृदय रोग से बचाव के उपायों पर जानकारी प्राप्त की जा सके। उन्होंने कहा कि आधे घंटे का समय निकालकर अपने हृदय की देखभाल करना आवश्यक है। सही सावधानियों के जरिए हार्ट अटैक का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है।