गढ़वा : गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के रमकंडा प्रखंड अंतर्गत सबाने गांव के मुंडा/आदिवासी समाज की 7.30 एकड़ जमीन हड़पने के आरोप में मंत्री प्रतिनिधि राज किशोर यादव के खिलाफ आदिवासियों ने पूर्व विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी के नेतृत्व में महामहिम राज्यपाल से शिकायत की है।
आरोप है कि मंत्री मिथिलेश ठाकुर के प्रतिनिधि राज किशोर यादव ने मंत्री और प्रशासन का दबाव दिखाकर आदिवासियों की जमीन पर कब्जा कर लिया। इस मामले में गांव के कई दर्जन लोगों ने करीब दो महीने पहले जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
बाध्य होकर पूर्व विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने पीड़ित मुंडा/आदिवासी समाज के साथ महामहिम राज्यपाल से न्याय की अपील की।
Advertisement
राज्यपाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य सचिव को जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। साथ ही, आदिवासी समाज को हर हाल में न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।