भवनाथपुर : बसपा के संभावित विधायक प्रत्याशी पंकज चौबे ने डंडई थाना हाजत में बच्चा भुइंया की मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। चौबे ने कहा कि पुलिस की बर्बरता से पिटाई के कारण बच्चा भुइंया की मौत हुई, जिसे आत्महत्या का रूप दिया गया।
श्री चौबे ने कहा कि घटना के विरोध में ग्रामीणों पर आंसू गैस और हवाई फायरिंग की गई, और विरोध को दबाने के लिए कुछ नामित और सैकड़ों अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दहशत का माहौल बनाया गया है।
श्री चौबे ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मृतक के परिवार को धमका कर रात 12 बजे जल्दबाजी में शव का अंतिम संस्कार करवाया, जिसमें डीजल और टायर का प्रयोग किया गया। इसे उन्होंने मानवता को शर्मसार करने वाली घटना बताया।
Advertisement
उन्होंने इस घटना में दो स्थानीय पत्रकारों की पिटाई को भी पुलिस की क्रूरता का प्रमाण बताया। पंकज चौबे ने सरकार से मांग की कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा व एक सदस्य को सरकारी नौकरी का लिखित आश्वासन दिया जाए। अन्यथा बसपा पार्टी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।