भवनाथपुर : लोन की राशि न चुकाने पर झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक ने बुधवार को भवनाथपुर बुका निवासी राहुल कुमार सिंह, पिता रमेश सिंह के घर को सील कर अपने कब्जे में ले लिया। यह कार्रवाई भवनाथपुर सीओ आफताब आलम और पुलिस के नेतृत्व में बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक रूपेश कुमार द्वारा की गई।
क्षेत्रीय प्रबंधक रूपेश कुमार ने बताया कि राहुल कुमार सिंह ने 2015 में ग्रामीण बैंक से बिजनेस लोन के रूप में 15 लाख रुपए का ऋण लिया था, जिसके बदले उन्होंने अपना घर गिरवी रखा था। ऋण स्वीकृति के कुछ समय बाद उनकी सिविल खराब हो गई और उन्हें कई बार ऋण चुकाने की याद दिलाई गई, परन्तु उन्होंने बैंक को राशि वापस नहीं की। बैंक द्वारा उन्हें कई नोटिस भी जारी किए गए, जिनमें घर खाली करने का निर्देश भी शामिल था, लेकिन उन्होंने न तो लोन चुकाया और न ही घर खाली किया।
Advertisement
बैंक ने सीओ और पुलिस की उपस्थिति में मकान को सील करते हुए इसे अपने कब्जे में लिया और इसे नीलाम करने की प्रक्रिया शुरू की। नीलामी से प्राप्त राशि से बैंक अपना लोन चुकाएगा, और बची हुई राशि मकान मालिक के खाते में हस्तांतरित की जाएगी। इस कार्रवाई के दौरान झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक बुका की शाखा प्रबंधक दिव्या पांडेय, थाना के एसआई प्रदीप उरांव, निरंजन शर्मा, और पुलिस बल के जवान भी मौजूद थे।