गढ़वा : भाजपा जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रसाद महतो की अध्यक्षता में जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर गढ़वा जिला कार्यालय में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान रंका विधानसभा स्तरीय बैठक भी हुई, जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बुथ स्तर पर संगठन की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रसाद महतो ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र सेवा में समर्पित किया और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान को ही भारत का विकास माना। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हीं के मार्ग पर चलते हुए कई योजनाएं चला रहे हैं, जिनका सीधा लाभ जनता को मिल रहा है।
Advertisement
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पंडित उपाध्याय के सिद्धांतों पर चलकर राष्ट्र की सेवा में पूरी निष्ठा के साथ जुटे हुए हैं, जिसके कारण भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है।
भाजपा जिला प्रभारी बिपिन बिहारी सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता झामुमो सरकार से परेशान हो चुकी है और भाजपा कार्यकर्ता इस सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने का संकल्प ले चुके हैं। गढ़वा सहित पूरे झारखंड में परिवर्तन की लहर चल रही है।
इस अवसर पर कई भाजपा नेता उपस्थित थे, जिनमें अलखनाथ पाण्डेय, ओमप्रकाश तिवारी, नरेंद्र पाण्डेय, संतोष दुबे, विनोद जायसवाल, रविन्द्र पाण्डेय, अभिषेक कश्यप, राजकुमार मधेशिया, उमेश कश्यप, मनीष गुप्ता, रामशीष तिवारी, धनंजय गौड़, बिनय चंद्रवंशी, मनोज जायसवाल और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल थे।