मझिआंव : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर निकली मंईयां सम्मान यात्रा मंगलवार को मझिआंव पहुंची। इस दौरान मंईयां सम्मान यात्रा झामुमो पार्टी द्वारा प्रखंड मुख्यालय स्थित मुखदेव +2 उच्च विद्यालय के मैदान पर आयोजित समारोह स्थल पर पहुंची। जहां पर मुख्यमंत्री की पत्नी व गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने जनसभा में भारी संख्या में उपस्थित मंईयां सम्मान योजना के महिला लाभार्थियों को सम्बोधित करते हुए उन्हें सबसे पहले जिउतिया पर्व की शुभकामनाएं दीं। साथ ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अपना भाई व बेटा मानकर उन्हें सतायु व दीर्घायु होने का आशीर्वाद देने की अपील की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री ने राज्य की महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए मंईयां सम्मान योजना शुरु की है और यह प्रत्येक वर्ष 200 रु बढ़ते जायेगा।
Advertisement
यानी अगले वर्ष 1200 रु मिलेंगे। उनकी सोंच है कि महिलायें स्वावलंबी होंगी तभी राज्य में खुशहाली आयेगी। उन्होंने सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना एवं बिरसा मुंडा कृषि क्रांति योजना के बारे में भी विस्तार से बताया। समारोह में गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल व स्वच्छता, पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने जिउतिया पर्व की शुभकामनाएं दी और कहा कि आप मुख्यमंत्री को आशीर्वाद दें कि वे जिस तरह आप सभी को विकास योजनाओं को घर तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं उसी तरह से आगे भी वे आपके आशीर्वाद से आपके घर तक विकास कार्यों को नये नये उपहार और सौगात देने का कार्य करते रहें। जिस तरह से उन्होंने मंईयां सम्मान योजना का काम युद्धस्तर पर कैम्प लगाकर किया वह आपके सामने है।
Advertisement
कार्यक्रम में कृषि पशुपालन व सहकारिता मंत्री दीपिका पांडेय एवं महिला बाल विकास मंत्री बेबी देवी आदि वक्ताओं के द्वारा मुख्यमंत्री के कार्यकाल के दौरान किये गए विकास कार्यों एवं उपलब्धियों के बारे में लोगों को विस्तार से बताया गया, तथा जुमलेबाजों से सावधान रहने की अपील की गई।
मौके पर उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, बीडीओ सतीश भगत, सीओ शम्भू राम, थाना प्रभारी आकाश कुमार, महिला आयोग की सदस्य सोगरा बीबी, झामुमो जिलाध्यक्ष तनवीर आलम, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ओबैदुल्लाह हक अंसारी, कांग्रेस नेता प्रभात कुमार दुबे उपस्थित थे।