मेराल प्रखंड में बूथ स्तरीय कार्यशाला का आयोजन, पूर्व मंत्री ने दिया बूथ जीतने का मंत्र
गढ़वा : मेराल प्रखंड के उत्तरी और दक्षिणी मंडल का बूथ स्तरीय एकदिवसीय कार्यशाला बीएड कॉलेज लातदाग में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व मंत्री द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। इस अवसर पर पूर्व मंत्री ने मंडल, पंचायत अध्यक्ष और बूथ अध्यक्षों को बूथ जीतने के लिए युवाओं के सहयोग और अभिभावकों के मार्गदर्शन का मूल मंत्र दिया।
अपने संबोधन में पूर्व मंत्री ने पिछले चार महीनों में भ्रष्टाचार के खिलाफ निकाली गई अपनी परिवर्तन यात्रा का जिक्र करते हुए कार्यकर्ताओं के समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि गढ़वा विधानसभा में पिछले 15 वर्षों से व्याप्त भ्रष्टाचार सभी के सामने उजागर हो चुका है।
आज गरीबों को आवास, कुआं, वृद्धा पेंशन जैसी योजनाओं के लाभ के लिए घूसखोरी और चमचागिरी का सामना करना पड़ रहा है।
वर्तमान विधायक पर निशाना साधते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि जब वे मंत्री नहीं थे तो पानी के टैंकर बांटकर जनता को गुमराह किया और अब जब वे मंत्री हैं, तो जनता पानी के लिए त्रस्त है। बालू के अवैध कारोबार का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें पूर्व विधायक का भी हाथ है और एक ट्रैक्टर बालू की कीमत 5000 रुपये तक वसूली जा रही है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सुरेश गुप्ता, सुरेश केशरी, दुःखन चौधरी, राम अवतार राम, अवध किशोर सिंह, सुनील चंद्रवंशी, टीकू बाबू सहित प्रखंड के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।