धुरकी : थाना क्षेत्र के बीरबल गांव में अवैध रूप से बालू खनन और परिवहन करने वाले बालू माफिया के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। रविवार सुबह करीब 5:40 बजे धुरकी थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार को सूचना मिली कि बीरबल गांव के सूर्य मंदिर के पास से रोजाना नदी से अवैध बालू उत्खनन किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, विमलेश गुप्ता, पिता दीनानाथ साव, द्वारा ट्रैक्टर पर बालू लोड कर उसे बेचने का काम किया जा रहा था।
सूचना के आधार पर थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने सशस्त्र बल और पुलिस पदाधिकारियों के साथ मिलकर कार्रवाई की और सूर्य मंदिर के पास पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस को देख ट्रैक्टर चालक बीरबल चौक की ओर भागने लगा और आदर्श पब्लिक स्कूल के पास बालू गिराकर वाहन को छोड़कर फरार हो गया।
Advertisement
पुलिस ने ट्रैक्टर (निबंधन संख्या UP70 AP 6191) को जब्त कर थाने में लाया। जानकारी के अनुसार, नदियों से बालू खनन पर 10 जून 2024 से 15 अक्टूबर 2024 तक प्रतिबंध है, फिर भी अवैध रूप से बालू उत्खनन और परिवहन किया जा रहा था।
पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक और चालक के खिलाफ झारखंड लघु खनिज समानुदान नियमावली 2004 के नियम 4 एवं 54 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।