बड़गड़ : प्रखंड क्षेत्र में जश्ने ईद मिलादुन्नबी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह कुरान खानी से हुई, जिसमें मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पैगंबर मोहम्मद साहब के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में जश्न मनाया। इलाके के आलिमों की शिरकत में एक से बढ़कर एक नात-ए-पाक पेश किए गए और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने इसमें हिस्सा लिया।
सरकार के नाम पर ओलमा हजरात और उमरा करने वालों को तोहफे के तौर पर मौलाना फैयाज के हाथों से कपड़े, चादर और साल देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही महुआटिकर गांव निवासी फ़िदा हुसैन ने हर साल की भांति इस वर्ष भी विभिन्न समुदाय के गरीब और जरूरतमंद लोगों के बीच साड़ी और कंबल का वितरण किया।
Advertisement
खराब मौसम के बावजूद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जुलूस निकाला, जो महुआटिकर गांव से शुरू होकर मुख्य बाजार बड़गड़, पुरानी बड़गड़ मस्जिद, कोरहटी उगरा मस्जिद होते हुए पुनः वापस आकर समाप्त हुआ। जुलूस के दौरान नात-ए-पाक पढ़ा गया और नारे तकबीर और नारे रिसालत गूंज उठे।
मौलाना फैयाज ने पैगंबर मोहम्मद साहब के जीवन पर प्रकाश डालते हुए प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सभी प्राणी एक समान हैं और किसी को दुख नहीं देना चाहिए। अंत में दुआ खानी हुई, जिसमें देश में भाईचारा और मोहब्बत कायम रहने की प्रार्थना की गई।
इस अवसर पर बड़गड़ सदर अब्दुल अजीज, उगरा सदर अब्दुल रजाक, मकबूल कादरी, नेसार अहमद, सद्दाम हुसैन, और रब्बानी अंसारी सहित कई लोग उपस्थित थे।