रंका : गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र के सिरोही खुर्द पंचायत अंतर्गत सेवाडीह ग्राम के खरवारी टोला प्राथमिक विद्यालय के प्रधान शिक्षक मनोज कुमार सिंह (50 वर्ष) की नाले में फंसने से मौत हो गई। रंका थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने घटना की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार, शिक्षक सुबह 8 बजे अपने घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटे, जिससे परिजन उनकी तलाश में जुट गए।
रविवार देर शाम करीब 8:10 बजे गेरुआ उचरी के पास नदी के नाले में उनका मृत शरीर फंसा हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। आदिवासी नेता और पूर्व जिला पार्षद उमा देवी को घटना की सूचना दी गई, जबकि मुखिया कर्म दयाल सिंह ने रंका थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी।
Advertisement
इस दुखद घटना पर शिक्षक नेता चंद किशोर सिंह, शशि भूषण कुमार, दिलदार उरांव, आशीष कुमार सिंह, मनोज कुमार यादव और संकुल साधन सेवी संजय प्रसाद सहित कई अन्य शिक्षकों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।