गढ़वा : शहर के ज्ञान निकेतन कॉन्वेंट (10$2) स्कूल में हिन्दी दिवस के मौके पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें कक्षा 6 से 12वीं तक के बच्चों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत निदेशक मदन प्रसाद केशरी, प्राचार्य सीबी सिन्हा, उपप्राचार्य बीके ठाकुर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया। इस दौरान भाषण प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता, आर्ट कलरिंग तथा स्लोगन प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
मौके पर निदेशक श्री केशरी ने कहा कि भारत विविधताओं से भरा देश है। यहां कई धर्म एवं जाति के लोग रहते हैं। अलग-अलग भाषाएं, बोलियां बोलने वाले लोग होते हुए भी हिंदी जन-जन की भाषा है जो सभी लोगों को एकता के सूत्र में बांधे हुए है।
Advertisement
देश की एकता को मजबूत बनाने में हिंदी का बहुत बड़ा योगदान है। अपने भावों की अभिव्यक्ति का सबसे सरल जरिया हमारी भाषा हिंदी ही है। हिंदी की अहमियत का अंदाजा इस तरह चलता है कि आज हिंदी दुनिया में तीसरी सर्वाधिक बोली जाने वाली भाषा बन गई।
मौके पर संतोष प्रसाद, वीरेंद्र शाह, खुर्शीद आलम, नीरा शर्मा, रिजवाना शाहीन, सुनीता कुमारी, नीलम कुमारी, सरिता दुबे, शिवानी कुमारी, अभिषेक पांडेय, संतोष प्रसाद, कृष्ण कुमार आदि उपस्थित थे।