गढ़वा : गढ़वा जिला मुख्यालय में पिछले 20 घंटे से हो रही लगातार बारिश ने नगर परिषद की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी है। नगर परिषद क्षेत्र के कई इलाकों में भीषण जलजमाव हो गया, जिससे दुकानों और घरों में पानी घुस गया। कचहरी रोड स्थित विकास मार्ट में अचानक पानी भर जाने से वहां काम कर रहे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। मार्ट के संचालक विकास कुमार माली ने मोटर लगाकर पानी बाहर निकलवाने की कोशिश की, लेकिन तब तक लाखों रुपये की सामग्री नष्ट हो चुकी थी।
विकास कुमार ने नगर परिषद की उदासीनता को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि अगर नालियों का सही ढंग से निर्माण हुआ होता, तो दुकानों में पानी नहीं घुसता। आसपास की कई दुकानें भी जलजमाव से प्रभावित हुईं।
Advertisement
उधर, सदर अस्पताल के कैंपस में भी भारी जलजमाव देखा गया, जिससे स्वास्थ्यकर्मी और सफाईकर्मी काफी परेशान रहे। चिनियां रोड स्थित शिव मंदिर के पास और नेहरू नगर की सड़कों पर भी 4 फीट तक पानी बह रहा था, जिससे आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया।
इसके अलावा, गढ़वा प्रखंड के मेढ़ना बेलचंपा को जोड़ने वाली दानरो नदी का पुल बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे यातायात बंद हो गया है। लगातार बारिश और बाढ़ से जिला मुख्यालय और आसपास के कई क्षेत्रों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा।