गढ़वा : मेराल थाना क्षेत्र के बाजुड़ीह गांव निवासी अशोक प्रजापति के 13 वर्षीय पुत्र पंकज कुमार प्रजापति की मौत रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई। परिजनों के अनुसार, पंकज सुबह शौच के लिए खेत की ओर गया था, तभी अचानक बारिश के दौरान वज्रपात हुआ, जिससे वह अचेत होकर गिर पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन पंकज को गंभीर स्थिति में गढ़वा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और अंत्य परीक्षण के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया। इस घटना के बाद से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।