गढ़वा : माननीय उच्च न्यायालय झालसा रांची के निर्देश पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार गढ़वा, नलिन कुमार के आदेशानुसार 15 सितंबर 2024 को जेल अदालत सह कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार गढ़वा, रवि चौधरी ने नए कानूनों की जानकारी दी और जिला विधिक सेवा प्राधिकार से मिलने वाले लाभों से बंदियों को अवगत कराया।
श्री चौधरी ने सभी बंदियों से मुलाकात की और बीमार कैदियों का हाल-चाल जाना। उन्होंने उनकी समस्याओं को सुनकर त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। शिविर में जेल में शिकायत पेटी लगाने और एलएडीसी के सदस्यों को रोजाना जेल निरीक्षण कर बंदियों की समस्याएं सुनने के निर्देश दिए गए ताकि उन्हें त्वरित न्याय मिल सके।
एलएडीसी चीफ प्रवीण कुमार ने आर्थिक रूप से कमजोर बंदियों को जेल के माध्यम से अधिवक्ता नियुक्त करने की प्रक्रिया समझाई। पीएलवी कृष्णानंद दुबे ने छोटे-छोटे मामलों में लंबे समय से बंद कैदियों के लिए जमानत या रिहाई के लिए आवेदन करने की जानकारी दी। जेल सुप्रीटेंडेंट नरेंद्र प्रसाद सिंह ने बंदियों के खान-पान, दूध, अंडा, फल, और जेल के रखरखाव पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर न्यायालय कर्मी, जेल कर्मचारी और सभी बंदी उपस्थित थे।