गढ़वा : शहर में बाढ़ का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है, जिससे पूरे गढ़वा शहर में अफरा-तफरी मची हुई है। सरस्वती नदी से घिरा अशोक विहार, जो सदर प्रखंड के सामने स्थित है, बाढ़ की चपेट में आ गया है। हालात इतने खराब हो गए हैं कि मोहल्ले के निवासी अपने घरों से बाहर निकलने में असमर्थ हैं। राशन और पानी की समस्या बढ़ती जा रही है, जिससे लोगों की परेशानियां और भी बढ़ गई हैं।
अशोक विहार के निवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द राहत कार्य शुरू करने की मांग की है, क्योंकि चारों ओर नदी के पानी से घिरे होने के कारण वे शहर से पूरी तरह कट गए हैं। छोटे पुल और पुलिया टूटने के कारण शहर से संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया है, और जो भी पुल बचे हुए हैं, उनके ऊपर से पानी बह रहा है।
Advertisement
सदर प्रखंड के सामने और टेंडर हार्ट स्कूल के पास के पुलों पर भी पानी का बहाव जारी है, जिससे शहर से आवाजाही संभव नहीं हो पा रही है।
मोहल्ले के लोग घरों में बचे राशन और पानी के सहारे जीने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से तुरंत राहत कार्य शुरू करने और उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की मांग की है।