गढ़वा : बसपा प्रत्याशी अजय कुमार चौधरी उर्फ अजय मेटल ने अपनी बदलाव यात्रा के 22वें दिन सदर प्रखंड के दुबे मरठिया में नुक्कड़ सभा आयोजित की। इस दौरान उन्होंने गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी और लूट की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण और चापाकल जैसी आवश्यकताओं के लिए लोग तरस रहे हैं, जबकि सरकार विकास की आड़ में लूट और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है।
अजय मेटल ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सड़क निर्माण जैसे बुनियादी कार्यों में 50-50 प्रतिशत कमीशन लिया जा रहा है, जिससे जनता को कोई लाभ नहीं हो रहा। उन्होंने "बाहरी भगाओ, गढ़वा बचाओ" का नारा देते हुए जनता से समर्थन मांगा और प्रखंड स्तर पर डिग्री कॉलेज की स्थापना का वादा किया ताकि गरीब और मजदूर परिवारों के बच्चे शिक्षित होकर अपने क्षेत्र का विकास कर सकें।
Advertisement
उन्होंने आरोप लगाया कि गढ़वा विधानसभा क्षेत्र की जनता ने मौजूदा मंत्री को भारी मतों से जीताकर विकास की उम्मीदें जताई थीं, लेकिन उन उम्मीदों पर पानी फिर गया। क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और पलायन की समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। श्री मेटल ने सरकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर भी सवाल उठाए और कहा कि यहां अमीर और अमीर बनते जा रहे हैं जबकि गरीब और गरीब होते जा रहे हैं।
कार्यक्रम में बीएसपी जिला सचिव शिशंकर मेहता, राम सरीख राम, बिकाऊ राम, सुनीता देवी, कविता देवी, सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे, जिन्होंने अजय मेटल के विचारों का समर्थन करते हुए उन्हें विजयी भवः का आशीर्वाद दिया।