बड़गड़ : झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री के. एन. त्रिपाठी द्वारा शुरू की गई प्रतिज्ञा यात्रा शुक्रवार को अपने चौथे दिन बड़गड़ प्रखंड के टेहरी पंचायत से होकर गुजरी। यह यात्रा पलामू के सिंगरा गांव से शुरू हुई थी और टेहरी से बिंजपुर, परसवार, बरकोल, बोडरी, काला खजूरी, बाड़ी खजूरी, मुटकी, उगरा, सालो, गड़िया, बरीगांवा होते हुए रामर गांव में समाप्त हुई।
टेहरी गांव में उपस्थित जनसमूह ने त्रिपाठी का स्वागत गान और माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने पिछले दस वर्षों में डाल्टनगंज भंडरिया विधानसभा क्षेत्र में विकास की कमी और बेरोजगारी के मुद्दों पर सवाल उठाए। त्रिपाठी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का कर्तव्य केवल मानव सभ्यता के उत्थान तक सीमित नहीं होता, बल्कि पर्यावरण, पशु-पक्षियों और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करना भी आवश्यक है।
महिलाओं को संबोधित करते हुए त्रिपाठी ने ग्रामीण विकास मंत्री रहते हुए महिला स्वयं सहायता समूहों के गठन का जिक्र किया और इस दिशा में अधिक आर्थिक सहायता प्रदान करने का वादा किया। उन्होंने कहा कि वे प्रत्येक महिला समूह को 1 लाख रुपये का अनुदान देकर व्यवसाय विकसित करने में मदद करेंगे।
नवयुवकों के लिए त्रिपाठी ने रोजगार सृजन के लिए प्रतिबद्धता जताई और कहा कि यह यात्रा झारखंड के विकास से जुड़े पांच प्रमुख मुद्दों पर केंद्रित है, जिनमें युवाओं के लिए रोजगार, महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता, किसानों के लिए सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, और जल संसाधनों के उचित प्रबंधन जैसे विषय शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कोयल, ओरंगा, अमानत और सुकरी नदियों को जलाशयों से जोड़ने और बड़गड़ प्रखंड में छोटी नदियों पर चेकडैम बनाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष सोमा टोप्पो, कौशर आलम, विश्राम बाखला, संतोष प्रसाद, पिंटू प्रसाद, गोपाल तिवारी, अमृत बाखला और अमोस मिंज समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।