गढ़वा : भाजपा द्वारा आयोजित परिवर्तन संकल्प यात्रा को लेकर गढ़वा जिले में तैयारियां जोरों पर हैं। इस सिलसिले में झारखंड प्रदेश की एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक आयोजित की गई, जिसमें 21 और 22 सितंबर को गढ़वा जिले में होने वाले परिवर्तन संकल्प रथ यात्रा कार्यक्रम पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने की, जिन्होंने कहा कि यह यात्रा झामुमो सरकार के भ्रष्टाचार को उजागर करने और प्रदेश में परिवर्तन की लहर लाने का कार्य करेगी।
बैठक में भाजपा प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि परिवर्तन संकल्प यात्रा गढ़वा जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों, भवनाथपुर और गढ़वा में भ्रमण करेगी।
यात्रा की शुरुआत 21 सितंबर को भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र से होगी और 22 सितंबर को गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में पहुंचेगी। इस दौरान पार्टी का रथ जन-जन तक पहुंचकर झामुमो सरकार के भ्रष्टाचार और कुशासन को बेनकाब करेगा।
कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को विभिन्न दायित्व सौंपे गए हैं ताकि परिवर्तन संकल्प यात्रा को सफल बनाया जा सके। भाजपा जिला मिडिया प्रभारी रितेश चौबे ने बताया कि गढ़वा जिले में इस यात्रा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं, जिसमें कार्यकर्ताओं की बैठक कर योजना बनाई जा रही है।
परिवर्तन संकल्प यात्रा के दौरान पार्टी के कई दिग्गज नेता, जैसे बाबूलाल मरांडी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भोजपुरी अभिनेता और सांसद मनोज तिवारी, सांसद रवि किशन, और सांसद निशिकांत दुबे शामिल होंगे।
यात्रा के दौरान भव्य रोड शो और जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों की संख्या में लोग भाग लेंगे।
प्रदेश मिडिया प्रभारी शिवपुजन पाठक ने बैठक में मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस यात्रा में मीडिया का विशेष योगदान होगा। पार्टी कार्यकर्ता और जनता इस यात्रा के माध्यम से भाजपा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए उत्साहित हैं।