गढ़वा : जिला स्तरीय खेलो झारखंड 2024-25 प्रतियोगिता का आयोजन मुख्यमंत्री उत्कृष्ट कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय हंसकेर गढ़वा के स्टेडियम में किया गया। इस प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17, और अंडर-19 बालिका वर्ग के एथलेटिक्स और खो-खो स्पर्धाओं में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी सह खेल प्रभारी राकेश कुमार, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सह क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी रंभा चौबे, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी सुनीता कुजूर, पूनम श्री, चितरंजन कुशवाहा, देवेंद्र नाथ उपाध्याय और प्रभाकर सिन्हा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी राकेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि सरकारी विद्यालयों की छात्राओं में अपार प्रतिभा है, जिसे इस प्रकार के आयोजनों के जरिए राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर लाया जा सकता है।
प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी रंभा चौबे ने विभाग की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि खेल के प्रति विभाग गंभीर है, और हर साल इस प्रकार के भव्य आयोजनों के जरिए छात्राओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस प्रतियोगिता में विभिन्न प्रखंडों की टीमों ने भाग लिया, और खिलाड़ियों को प्रेरित करने के लिए प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी पूनम श्री, सुनीता कुजूर, विभा रानी, रवि कुमार, लेखपाल मानिकचंद गुप्ता, संकुल साधन सेवी देवेंद्र नाथ उपाध्याय और शारीरिक शिक्षक सुशील कुमार तिवारी भी मौजूद थे।