गढ़वा : महामना परिवार (झारखंड) के तत्वावधान में 25 दिसम्बर 2024 को गढ़वा जिले में भारत रत्न महामना मदन मोहन मालवीय जी की जयंती का भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। यह निर्णय 11 सितम्बर 2024 को गूगल मीट प्लेटफॉर्म पर आयोजित एक आभासी बैठक में लिया गया, जिसमें झारखंड के विभिन्न जिलों से महामना परिवार के सदस्यों ने ऑनलाइन भाग लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य जयंती समारोह के सफल आयोजन के लिए एक अस्थायी समिति का गठन, स्मारिका का प्रकाशन और गढ़वा जिले में कार्यक्रम आयोजित करने पर सहमति बनाना था। महामना परिवार प्रतिवर्ष झारखंड के विभिन्न जिलों में राज्यस्तरीय आयोजन करता है, और इस बार यह आयोजन गढ़वा में किया जाएगा।
बैठक की शुरुआत काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के कुलगीत से की गई।
Advertisement
महामना परिवार (झारखंड) के संयोजक डॉ. विमलेन्दु कुमार त्रिपाठी ने उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया और कार्यक्रम की योजना पर विस्तार से चर्चा की। सह-संयोजक डॉ. शम्भु त्रिपाठी ने बताया कि महामना परिवार झारखंड पिछले तीन वर्षों से राज्य में मालवीय जयंती का आयोजन करता आ रहा है, और इस वर्ष गढ़वा में इसका आयोजन होना एक महत्वपूर्ण कदम है।
महामना परिवार काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों का एक ऐसा समूह है, जो या तो झारखंड प्रदेश के निवासी हैं या यहां कार्यरत हैं। इस समूह का उद्देश्य महामना मालवीय जी के आदर्शों, मूल्यों और उद्देश्यों को बढ़ाते हुए राज्य भर में शैक्षिक, साहित्यिक और सामाजिक उत्थान के लिए काम करना है।
Advertisement
बैठक की अध्यक्षता गिरिडीह कॉलेज के प्राध्यापक डॉ. बालेन्दु शेखर त्रिपाठी ने की। उन्होंने महामना मदनमोहन मालवीय जी के राष्ट्रवादी विचारों और उनकी देशभक्ति पर प्रकाश डाला, और बताया कि महामना के विचारों को पूरी दुनिया में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र पोषित कर रहे हैं।
इस बैठक में देवघर, रामगढ़, दुमका, धनबाद, बोकारो, जमशेदपुर, और गिरिडीह सहित कई जिलों के सदस्य शामिल हुए। बैठक का संचालन डॉ. शम्भु त्रिपाठी ने किया और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. पायल वर्मा ने किया।