बड़गड़ : गढ़वा जिले के बड़गड़ प्रखंड अंतर्गत परियोजना जमा दो उच्च विद्यालय के मैदान में बुधवार को खेलो झारखंड के तहत प्रखंड स्तरीय दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शिक्षा विभाग के प्रखंड बीपीएम इंदु विश्वकर्मा और सीआरपी ब्रह्मदेव राम की देखरेख में अंडर 14, 17 और 19 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के बीच विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ।
प्रतियोगिता में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर और 1500 मीटर दौड़, जेबलीन थ्रो, डिस्कस थ्रो, ऊंची कूद, लंबी कूद, रिले दौड़, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल जैसी स्पर्धाओं में बालक-बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता देर शाम तक जारी रही, और निर्णायक मंडल द्वारा विजेताओं की सूची तैयार की जा रही थी।
Advertisement
इस प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के उन छात्र-छात्राओं ने भाग लिया, जिन्होंने अपने विद्यालय स्तर पर प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल किया था। खेलकूद कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक विनोद कुमार गुप्ता, अजय कुमार मिंज, सुपीन केरकेट्टा, रविरंजन तिर्की, अनिता कच्छप, प्रवीणा मिंज, द्रौपदी मिंज, राबर्ट तिर्की, बसंती खलखो, अमरदीप कच्छप, विनय लकड़ा और कुंज बिहारी यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।