मझिआंव : गढ़वा जिले के बरडीहा प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं पर खेल प्रतियोगिता के दौरान हमला कर दिया गया, जिसमें लगभग एक दर्जन छात्राएं घायल हो गईं। महिला गार्ड आशा देवी के अनुसार, बीआरसी कार्यालय द्वारा आयोजित खेल प्रतियोगिता में कस्तूरबा विद्यालय और 10+2 उच्च विद्यालय बरडीहा की छात्राओं के बीच विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया था। कस्तूरबा की छात्राओं ने सभी मैच जीतने के बाद जश्न मनाना शुरू किया, जिस पर हारी हुई टीम की छात्राओं ने विवाद शुरू कर दिया, जो धीरे-धीरे मारपीट में बदल गया।
मारपीट की घटना केवल खेल मैदान तक सीमित नहीं रही। इसके बाद, हारी हुई टीम के साथ आए कुछ लोग कस्तूरबा विद्यालय की चारदीवारी फांदकर अंदर घुस आए और छात्राओं पर हमला कर दिया।
Advertisement
इस हमले में लगभग 10 छात्राएं घायल हो गईं, जिनमें दया कुमारी, नेहा कुमारी, चांदनी कुमारी, प्रीति कुमारी, मायावती कुमारी, रूपवती कुमारी, आरती कुमारी, पम्मी कुमारी, बबीता कुमारी और लक्ष्मी कुमारी शामिल हैं। घायलों को 108 एंबुलेंस से रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलने पर बरडीहा के बीडीओ सह सीओ राकेश सहाय और रेफरल अस्पताल के प्रभारी डॉक्टर गोविंद प्रसाद सेठ ने घायल छात्राओं से मुलाकात की और उचित इलाज के निर्देश दिए। बीडीओ राकेश सहाय ने बताया कि 11 सितंबर से विद्यालय में वार्डन की नियुक्ति की जाएगी, जो लगभग एक माह से रिक्त था। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद दोषियों पर कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
Advertisement
इस बीच, भाजपा नेता डॉ. ईश्वर सागर चंद्रवंशी ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने सवाल उठाया कि बिना वार्डन के छात्राओं को खेल मैदान में क्यों भेजा गया और उनकी सुरक्षा का उचित प्रबंध क्यों नहीं किया गया।
घटना के बाद छात्राओं में भय का माहौल है और उन्होंने खेल प्रतियोगिता के दौरान उचित निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की कमी को लेकर भी नाराजगी जताई है।