गढ़वा : रंका प्रखंड के चुटिया गांव के हाटदोहर टोला में भाजपा नेता पवन पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में 50 युवाओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अलखनाथ पांडेय, भाजपा गढ़वा जिला उपाध्यक्ष राजीव राज तिवारी, और वरिष्ठ नेता भगत सिंह साहू ने युवाओं का गर्मजोशी से स्वागत किया।
अलखनाथ पांडेय ने इस अवसर पर कहा कि झारखंड में जब भाजपा सरकार थी, तब केंद्र की योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचा, लेकिन झामुमो सरकार के आते ही योजनाओं को बंद कर दिया गया, जिससे जनता परेशान है। उन्होंने भ्रष्टाचार और लोकतंत्र की रक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जनता को सरकार चुनने का अधिकार मिलता है और गलत चुनाव की सजा 5 साल तक भुगतनी पड़ती है।
राजीव राज तिवारी ने धर्मांतरण के मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा कि यह पूरे झारखंड और गढ़वा में गंभीर समस्या बन रही है और इसे रोकने के लिए लोगों को सतर्क रहना होगा।
भगत सिंह साहू ने कहा कि झारखंड की जनता वर्तमान सरकार से त्रस्त हो चुकी है और विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रही है ताकि भ्रष्टाचार से मुक्ति मिल सके।
इस अवसर पर भाजपा में शामिल होने वाले प्रमुख युवाओं में जीतू कश्यप, शंकर राम, विकास यादव, अनुज चौधरी, और गिरधारी यादव सहित अन्य शामिल थे। कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।