बड़गड़ : बड़गड़ प्रखंड के टेहरी पंचायत अंतर्गत सुदूरवर्ती आदिवासी बाहुल्य गांव हेसातू में इस वर्ष दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन करने का निर्णय लिया गया है। यह गांव आदिम जनजाति के विलुप्तप्राय कोरवा और किसान जाति के लोगों का निवास स्थान है। ग्रामीणों ने शिव मंदिर के चबूतरे पर बैठक आयोजित कर सर्वसम्मति से दुर्गा पूजा का आयोजन करने का फैसला किया।
इस बैठक का संचालन गांव के प्रबुद्ध नागरिक ऐता किसान ने किया, जिसमें सर्वप्रथम दुर्गा पूजा समिति का गठन किया गया। समिति के अध्यक्ष के रूप में संजय किसान को चुना गया, जबकि उपाध्यक्ष हिमांशु नगेशिया, सचिव हलकन किसान, उपसचिव सतीश कुमार चंद्र, कोषाध्यक्ष दामोदर किसान और उपकोषाध्यक्ष धर्वेन्द किसान को नियुक्त किया गया।
इसके अलावा, महेश किसान, मतरू किसान, मनेश किसान, रतेश कुमार, राकेश कुमार, बन्धु किसान, जेठु किसान और रविन्द्र प्रसाद को कार्यकारी सदस्य के रूप में चुना गया।
समिति के गठन के पश्चात सामाजिक कार्यकर्ता सह विधायक प्रतिनिधि ओम प्रकाश, अमित कुमार, और रामजन्म प्रसाद के नेतृत्व में आदिवासी बाहुल्य इस गांव में पहली बार धूमधाम से दुर्गा पूजा मनाने का संकल्प लिया गया। ग्रामीणों ने तन, मन, और धन से सहयोग करने का वादा किया है। पूजा समारोह में विजय तिवारी और विधायक प्रतिनिधि ओमप्रकाश की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी, जिन्होंने माता की प्रतिमा निर्माण सहित अन्य खर्च का भार उठाने का आश्वासन दिया है।
ध्यान आकर्षित करने का कारण :
पिछले दस वर्षों में इस गांव के कई हिंदू परिवारों ने क्रिश्चियन धर्म अपना लिया है।
इसके बावजूद, दुर्गा पूजा के इस आयोजन ने हिंदू धर्म के लोगों का ध्यान फिर से अपनी ओर आकर्षित किया है। इस आयोजन के माध्यम से गांव में पहली बार दुर्गा पूजा का आयोजन होने जा रहा है, जिससे गांव में नया उत्साह देखने को मिल रहा है।