भवनाथपुर : गढ़वा जिले के भवनाथपुर थाना क्षेत्र के बुका गांव निवासी सह कांग्रेस के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष प्रयाग राउत की माता, कमला देवी की शनिवार अहले सुबह वज्रपात की चपेट में आकर दुखद मृत्यु हो गई। घटना के समय कमला देवी अपने घर के दरवाजे के पास खड़ी थीं, जब तेज बारिश और गर्जना के बीच अचानक हुए वज्रपात ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। तत्काल उन्हें इलाज के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही भवनाथपुर थाना के एएसआई उदय शर्मा पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा किया और अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेजा गया।
कमला देवी की मृत्यु की खबर सुनकर गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अस्पताल में परिवार को सांत्वना देने पहुंचे लोगों में मुखिया बेबी देवी, बुचूल राम, अनुमंडल विधायक प्रतिनिधि दयानंद सोनी, भाजपा नेता रवि पाल, जेएलकेएस के जिलाध्यक्ष सुरेश प्रसाद गुप्ता, पूर्व बीससूत्री अध्यक्ष सह झामुमो नेता ब्रजेश सिंह, और प्रखंड अध्यक्ष मनोज यादव प्रमुख थे। सभी ने गहरी शोक संवेदना प्रकट की और परिजनों को ढांढस बंधाया।
कमला देवी की आकस्मिक मृत्यु से पूरे गांव में शोक की स्थिति है।