रमकंडा : रमकंडा प्रखंड के बलिगढ़ गांव में शनिवार रात हाथियों के झुंड ने (45 वर्ष) को कुचल कर मार डाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब नौ बजे 30 हाथियों का झुंड गांव में घुस आया। इस दौरान करीब 20 ग्रामीणों ने इकठ्ठा होकर हाथियों को भगाने के लिए टीन और थाली बजाना शुरू किया। हाथियों ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया, जिससे नागेश्वर सिंह हाथी के चंगुल में फंस गए। हाथी ने सूंड़ में लपेट कर उन्हें कई बार पटका और कुचल कर मार डाला। शेष ग्रामीणों ने भाग कर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना पाकर वन क्षेत्र पदाधिकारी रामरतन पांडेय गांव पहुंचे और मृतक के परिजनों को नकद 10 हजार रुपये सहायता राशि दी। रेंजर ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया के बाद दो सप्ताह के भीतर मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपये का मुआवजा मिलेगा।
Advertisement
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया है।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व, गुरुवार को भी 30 हाथियों का झुंड बलिगढ़ गांव में घुस कर आधा दर्जन घरों को क्षतिग्रस्त कर चुका था और 40 एकड़ धान की फसलों का नुकसान पहुंचाया था। इस घटना से बलिगढ़ के ग्रामीण काफी भयभीत और सहमे हुए हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को भगाने की मांग की है।