रंका : गुरुवार दोपहर 2:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग 343 पर रंका चेकनाका के पास एक पिकअप गाड़ी और मारुति ग्रांड भीआई गाड़ी की टक्कर हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही गढ़वा जिले के रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह ने रंका थाना में प्रेस वार्ता की। गस्ती पार्टी पदाधिकारी प्रभात कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर पिकअप गाड़ी के चालक को हिरासत में ले लिया और सुरक्षा के लिए पिकअप चालक और दुर्घटनाग्रस्त दोनों गाड़ियों को रंका थाना ले आए।
मारुति ग्रांड भीआई गाड़ी के मालिक राजन राज तिवारी के आवेदन के आधार पर पिकअप वाहन सं0- JH03AJ9413 के चालक असलम अंसारी के खिलाफ तेज और लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में बी०एन०एस० की सुसंगत धारा अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई।
Advertisement
दुर्घटना के बाद मारुति ग्रांड भीआई के मालिक और उनके निजी अंगरक्षक ने पिकअप चालक असलम अंसारी के साथ मारपीट की थी। असलम अंसारी के आवेदन के आधार पर मारुति ग्रांड भीआई के मालिक राजन राज तिवारी और उनके निजी अंगरक्षक के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में बी०एन०एस० की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
थाना प्रभारी, रंका द्वारा घटनास्थल पर उपस्थित प्रत्यक्ष दर्शियों और स्वतंत्र साक्षियों के बयान के अनुसार, पिकअप गाड़ी का चालक पिकअप वाहन को गैरेज से बैक कर रहा था, इसी दौरान गढ़वा की ओर जा रही मारुति ग्रांड भीआई गाड़ी के बाईं ओर टक्कर हो गई, जिससे मारुति ग्रांड भीआई गाड़ी का बाईं ओर का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
Advertisement
जांच में यह पाया गया कि यह दुर्घटना पिकअप वाहन चालक की लापरवाहीवश हुई थी। मारुति ग्रांड भीआई गाड़ी के मालिक राजन राज तिवारी के खिलाफ किसी प्रकार की साजिश या जान से मारने की नियत से किया गया हमला जैसी बात सामने नहीं आई है। पिकअप वाहन चालक असलम अंसारी का कोई अपराधिक इतिहास भी नहीं है।