गढ़वा : उपायुक्त, गढ़वा शेखर जमुआर के निर्देश पर आज जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामगोपाल पांडेय द्वारा समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में आए फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनी गई एवं समस्याओं के निष्पादन हेतु संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया गया। आज के जनता दरबार में मुख्यमंत्री श्रमिक योजना, स्वास्थ्य संबंधित,बच्चों के परिवरिश में आ रही समस्या, विवादित जमीन में जलमीनार निर्माण, राशन डीलर बदलनें संबंधित, रोजगार/नौकरी देने आदि समेत अन्य समस्याओं को लेकर उपस्थित हुए ग्रामीणों की बारी-बारी से समस्या सुनी गई एवं यथाशीघ्र उनके समस्याओं के निराकरण करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को निदेशित किया गया।
Advertisement
सर्वप्रथम डंडई से आये मिथलेश सिंह ने अपने आवेदन के माध्यम से बताया कि वे गृह रक्षा वाहिनी में एक सफल अभ्यर्थी है किंतु फॉर्म भरने के समय भूलवश डंडई ब्लॉक के स्थान पर डंडा ब्लॉक होने के कारण मेरा थाना वेरिफिकेशन नहीं किया जा रहा है। अतः उन्होंने ब्लॉक नाम का सुधार करने हेतु अनुरोध किया ताकि उनका थाना वेरिफिकेशन हो सके।
सोनडीहा पंचायत से आये ग्रामीणों ने अपने आवेदन के जरिये बताया कि उनके राशन डीलर के द्वारा समय पर राशन का वितरण नही किया जाता है। बार-बार राशन के लिए दौड़ाया जाता है, परेशान किया जाता है। अतः सभी ग्रामीणों ने अपने राशन डीलर बदलने संबंधित आवेदन डीएसओ को दिया।
वहीं सरिता देवी तथा ललिता देवी ने अपने-अपने आवेदनों के माध्यम से मुख्यमंत्री श्रमिक (शहरी रोजगार मंजूरी फॉर कामगार) योजना के तहत उन्हें अभी तक कोई काम नहीं मिला है।
Advertisement
अतः उनलोगों ने जल्द से जल्द काम दिलाने हेतु अनुरोध किया।
ग्राम पुरहे से आये महेंद्र ठाकुर ने अपने आवेदन के द्वारा अवगत कराया कि उनके विवादित जमीन पर श्रीनाथ ठाकुर और अनुज ठाकुर के द्वारा बिना किसी सूचना के जलमीनार का निर्माण कराया जा रहा है। अतः उसे जांचोपरांत रोक लगाने के लिए अनुरोध किया।
इस प्रकार बारी-बारी से अन्य लोगों ने भी विभिन्न प्रकार की समस्याओं को पदाधिकारी के समक्ष रखा। आमजनों से प्राप्त शिकायतों का समाधान हेतु संबंधित पदाधिकारीयों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया।