डंडई : प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन उद्घाटन के 9 वर्ष बाद ही काफी जर्जर हो गया। प्रखंड कर्मी यहा जान जोखिम में डालकर काम कर रहे हैं। प्रखंड कार्यालय के अंदर अधिकतर कमरों मे छत से रिसकर पानी टपक रहा है। कई कमरों में जल का जमाव भी देखा गया। कर्मचारी पानी सुखा सुखा कर इस बीच कार्य करने को मजबूर है। फिर भी पानी का जमाव हो रहा है।
ज्ञात हो कि डंडई प्रखंड कार्यालय भवन का शिलान्यास तात्कालिक विधायक रामचंद्र केशरी ने 29 जुलाई 2004 में किया था। करीब 10 वर्षों तक निर्माणाधीन रहने के बाद 2015 में प्रखंड कार्यालय नये भवन में शिफ्ट हुआ था। प्रखंड कर्मी प्रखंड कार्यालय के ऊपरी तल्ले पर भी काम करते हैं। इस तल्ले पर करीब 10 कमरे हैं। सभी में छत से पानी टपकता है।
Advertisement
इन कमरों की दीवारें भी फट गयी है। ऊपरी छत का पलास्टर झड़ चुका है। वही भवन के बाहर का छाजा भी गिर गया है। बरसात के दिनों में सरकारी कागजातों को पानी से बचाना मुश्किल हो जाता है।
अंचल सहायक नुमान अंसारी ने बताया कि प्रखंड कार्यालय भवन का कोई भी रूम अछूता नहीं है। सभी कमरों में छत से पानी रिस रिस कर पानी टपक रहा है। वही फर्श पर भी पानी का जमाव हो जा रहा है। हम लोग डरे सहमें में होकर काम कर रहे हैं। जेएसएलपीएस के कर्मी लव चौधरी ने बताया जेएसएलपीएस के कार्यालय के छत में कई जगह दरारें आ गई है और छत से रिस कर पानी टपक रहा है । कार्यालय का कार्य करने में काफी परेशानी हो रही है।