गढ़वा : गढ़वा में जायंट्स ग्रुप ऑफ गढ़वा के तत्वावधान में ग्रुप अध्यक्ष कमलेश कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में आर.के. रामासाहू मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय परिसर स्थित इनडोर स्टेडियम में छायादार पौधों का रोपण किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन बेल्ट रेसलिंग संघ के अध्यक्ष शैलेन्द्र पाठक की देखरेख में किया गया।
उपस्थित पदाधिकारियों ने पेड़-पौधों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि ये पर्यावरण के रक्षक हैं और हमारे जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। जहां पेड़-पौधे अधिक होते हैं, वहां का तापमान कम रहता है और वर्षा भी भरपूर होती है। उन्होंने सभी से पेड़-पौधे लगाने की अपील की, क्योंकि ये न केवल शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि वायु प्रदूषण को भी कम करते हैं।
कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर उमेश सहाय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बेल्ट रेसलिंग संघ के अध्यक्ष शैलेन्द्र पाठक ने किया। इस अवसर पर गढ़वा ग्रुप के संस्थापक अध्यक्ष सह फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष अलखनाथ पांडेय, फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष विनोद कमलापुरी, स्पेशल कमिटी के पूर्व सदस्य विजय केशरी, अध्यक्ष कमलेश कुमार गुप्ता, प्रशासनिक निदेशक मोजिबुद्दीन खान, वित्त निदेशक अशोक केशरी, मनदीप प्रसाद, और रवीन्द्र केशरी सहित अन्य प्रमुख सदस्य उपस्थित थे।