भवनाथपुर : आगामी 25 से 27 अगस्त तक आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर दिनेश कुमार ने शनिवार को सीएचसी में सभी सुपरवाइजरों के साथ बैठक की। बैठक में सभी सुपरवाइजरों को 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने के निर्देश दिए गए।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने जानकारी दी कि 25 अगस्त को सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक बूथ पर दवा पिलाई जाएगी, जबकि 26 और 27 अगस्त को घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। इस अभियान के तहत केतार, खरौंदी और भवनाथपुर में कुल मिलाकर 37,800 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
अभियान के लिए 178 बूथ बनाए गए हैं, जिनमें सेविका और सहिया कार्यरत रहेंगी, और इनके सुपरविजन के लिए 37 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं।
Advertisement
बैठक में 28 अगस्त से 13 सितंबर तक चलने वाले कुष्ठ रोग खोज अभियान पर भी चर्चा की गई। इस अभियान के तहत सहिया घर-घर जाकर कुष्ठ रोगियों की पहचान करेंगी और रिपोर्ट प्रखंड मुख्यालय को भेजेंगी। इसके बाद जिला स्तर से प्रतिनियुक्त चिकित्सकों द्वारा रोगियों का इलाज किया जाएगा।
इस बैठक में जिला कुष्ठ परामर्शी डॉक्टर भरत भूषण, एनसीडी काउंसलर राजकुमार वर्मा, प्रखंड लेखा प्रबंधक प्रदीप कुमार पाठक, सभी सीएचओ, बीटीटी सहिया साथी, एएनएम एवं अन्य कर्मचारी भी उपस्थित थे।