गढ़वा : झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने गढ़वा सहित पूरे राज्य की जनता से फर्जी कॉल से सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से संबंधित अपने अकाउंट डिटेल की जानकारी किसी को भी नहीं दें।
मंत्री श्री ठाकुर ने कहा है कि झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के संदर्भ में कई लाभुकों के मोबाइल नंबर पर योजना को लेकर कॉल आने की जानकारी मिल रही है, जो पूरी तरह से फर्जी है। इसलिए योजना के तहत निबंधित बहन - बेटियों से आग्रह है कि योजना के संदर्भ में या राशि हस्तांतरण से सम्बन्धित कॉल आने पर ओटीपी या अपने बैंक खाते से संबंधित जानकारी कॉल करने वाले के साथ कदापि साझा नहीं करें।
Advertisement
झारखण्ड सरकार इस योजना को लेकर किसी तरह का कॉल नहीं कर रही है। इसलिए सभी लोग सतर्क रहें और ऐसे कॉल आने पर अपने बैंक खाता की जानकारी नहीं दें। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ रहे ऑनलाइन फ्रॉड से बचना बहुत जरूरी है। कई लोग मैसेज या कॉल (बैंक का फर्जी कॉल) करके फ्रॉड कर रहे हैं। एसएमएस, व्हाट्सएप, मेल या टेलीग्राम के माध्यम से भी मैसेज आ सकते हैं। इसलिए सभी लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। साथ ही अपने आस पास के परिचितों, रिश्तेदारों तक भी यह जानकारी ज़रूर साझा करें। झारखण्ड पुलिस ऐसे मामलों को लेकर सतर्क है।